अंजू अग्निहोत्री
पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए दोआबा क्षेत्र में हुए मतदान के लिहाज से महिलाएं पुरुषों के मुकाबले आगे रहीं जहां जलंधर के 9, होशियारपुर में 7, कपूरथला में 4 और नवांशहर में 3 विधानसभाई हलकों सहित समूचे दोआबा की 23 सीटों पर वोट डाले गए थे। मतदान के लिहाज से महिलाओं के मुकाबले इस बार 4.4 फीसद कम पुरुष वोट डालने बाहर निकले। इस बार दोआबा में 66.47 फीसद पुरुषों की तुलना में वोट डालने निकलीं महिलाओं का फीसद 70.87 दर्ज किया गया।
नवांशहर और होशियारपुर जिलों में बड़ी संख्या में महिलाएं घर से निकलकर मतदान केंद्र पहुंचीं थीं। दूसरा यह भी कि न सिर्फ महिलाओं के मतदान का फीसद उनकी आबादी के लिहाज से अधिक दर्ज किया गया, बल्कि यह भी कि महिला वोटरों की संख्या भी अधिक रही। नवांशहर में ही 1,74,393 पुरुषों के मुकाबले 1,77,669 महिलाएं मतदान के लिए घर से बाहर निकलीं जो फीसद के लिहाज से वहां क्रमश: 67.90 की तुलना में 73.79 दर्ज किया गया। होशियारपुर में जहां एक ओर 4,37,779 पुरुष वोट डालने निकले तो वहीं महिलाओं की संख्या 4,46,475 आंकी गई जो फीसद के लिहाज से वहां क्रमश: 66.06 की तुलना में 71.41 दर्ज किया गया।
कपूरथला में जहां एक ओर 66.03 पुरुष मतदान करने निकले तो वहीं दूसरी ओर 70.30 फीसद महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि जिला जलंधर में 68.10 फीसद महिलाएं मतदान के लिए निकलीं तो वहां 65.91 फीसद पुरुष मतदाता घर से वोट डालने निकले। बता दें कि दोआबा की कुल 23 विधानसभा सीटों में से आठ आरक्षित सीटें हैं और वहां भी 20 सीटों पर वोट डालने पहुंचीं महिला मतदाताओं की संख्या भी पुरुषों से अधिक रही। इनमें से 11 विधानसभा हलकों में उनका वोट फीसद भी करीब 71 फीसद से लेकर 77 फीसद तक दर्ज किया गया। उक्त आठ आरक्षित सीटों में से सात पर महिला वोटरों की संख्या पुरुषों के मुकाबले कहीं अधिक दर्ज की गई।
नवांशहर के विधानसभा हलका बलाचौर में महिला वोटरों का फीसद 77.27 रहा जबकि उसके बाद शाहकोट में 75.10 फीसद महिलाओं ने वोट डाला और सुलतानपुर लोधी में 75.04 महिलाएं वोट डालने आईं। होशियारपुर के सभी विधानसभा हलकों में से छब्बेवाल में 74.37 फीसद महिला वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि गढ़शंकर में 72.8 फीसद, मुकेरियां में 72.7 फीसद, शाम चौरासी में 72 फीसद, उमर में 71.52 फीसद और दसूहा में 70.27 फीसद महिलाओं ने वोट डाला। बलाचौर में 77.27 फीसद, नवांशहर में 71.7 फीसद और बंगा में 72.74 फीसद महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इसके अलावा, जलंधर के विधानसभा हलका नकोदर और आदमपुर में भी महिला वोटरों का फीसद क्रमश: 70.63 और 70.47 दर्ज किया गया जबकि वहां दोनों हलकों में पुरुष मतदाताओं का फीसद क्रमश: 66.82 और 64.81 दर्ज किया गया। दोआबा की आठ आरक्षित विधानसभा सीटों पर महिला वोटर अधिक संख्या में वोट डालने पहुंचीं। इनमें आदमपुर, फिल्लौर, करतारपुर, छब्बेवाल, शाम चौरासी, फगवाड़ा और बंगा शामिल हैं। दोआबा के लिहाज से केवल जलंधर वेस्ट ही एकमात्र विधानसभा हलका रहा जहां महिलाएं कम संख्या में वोट डालने पहुंचीं।
जलंधर में एक महिला प्रत्याशी ने बताया कि इस वास्तविकता के बावजूद कि हर बार पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अधिक जागरूक रहती हैं और बड़ी संख्या में वोट डालने घर से बाहर निकलती है, पंजाब का कोई भी राजनीतिक दल किसी भी चुनाव में महिलाओं और पुरुषों को समरूप संख्या में कभी भी टिकट नहीं देता। अब समय आ गया है कि राजनीतिक दलों को चाहिए कि वे सब महिलाओं के साथ समरूप व्यवहार करें वरना हर मंच पर महिलाओं को पुरुषों के बराबर बताने की खोखली घोषणाओं से कुछ नहीं होने वाला।
The post दोआबा में चारों जिलों के मतदान में पुरुषों से आगे महिलाएं appeared first on Jansatta.
From: Jansatta
Read Full Post ㅡ https://ift.tt/wzAMyEx