बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर हमेशा सवाल उठते रहते हैं। बिहार में चोरी और डकैती की खबरें आम है। बिहार के जमुई जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि वो बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के घर पर ही हाथ साफ कर बैठें। बिहार के पूर्व सीएम रहे चंद्रशेखर प्रसाद सिंह के पैतृक घर पर चोरों ने धावा बोला और लाखों का सामान चोरी कर फरार हो गए।
न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व सीएम चंद्रशेखर प्रसाद सिंह के जमुई जिले (बिहार) के मलयपुर स्तिथ घर पर ताला लगा रहता है और परिवार पटना रहता है। एक व्यक्ति देखरेख के लिए रहता है। बुधवार को सुबह जब उनके घर के पास कुछ लोग आए तब उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
पूर्व मुख्यमंत्री के भतीजे हिमांशु शेखर ने मीडिया को बताया कि, “पूरा परिवार पटना में रहता है और गांव के घर की देखभाल के लिए एक व्यक्ति को रखा गया है, जो बाहर से घर की निगरानी करता है। बुधवार को जब हम अपने गांव पर आए तो हमने देखा सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी का दरवाजा टूटा हुआ है। जब हम घर में आए तब देखा कि उसमें से गहने, बनारसी साड़ी, किचन का पूरा सामान ,जमीन के जरूरी दस्तावेज और एक जनरेटर गायब है।”
वहीं इस पूरे मामले पर मलयपुर थाना के दरोगा विजय कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना दी जा चुकी है और पुलिस चोरी की घटना की छानबीन में जुटी हुई है। परिवार ने बताया है कि 5 लाख से ऊपर के सामान की चोरी की गई है।
बता दें कि चंद्रशेखर प्रसाद सिंह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 1983 से लेकर 1985 तक चंद्रशेखर सिंह बिहार के मुख्यमंत्री थे। साथ ही राजीव गांधी की सरकार में वह केंद्रीय राज्य मंत्री भी रह चुके थे। चन्द्रशेखर सिंह को बिहार का मुख्यमंत्री इंदिरा गांधी ने बनाया था। चंद्रशेखर सिंह चार बार बिहार विधान सभा के सदस्य जबकि पांच बार लोकसभा के सदस्य चुने गए थे। चंद्रशेखर सिंह की पत्नी मनोरमा सिंह भी दो बार लोकसभा सदस्य चुनी जा चुकी है। 1986 के बांका लोकसभा उपचुनाव में उन्होंने जॉर्ज फर्नांडिस को हराया था।
The post Bihar: पूर्व सीएम के पैतृक निवास पर लाखों का हाथा साफ करके निकल गए चोर appeared first on Jansatta.
From: Jansatta
Read Full Post ㅡ https://ift.tt/gIRfOiw