Thursday, October 7, 2021

क्रिसमस पर रणवीर सिंह डटे, आमिर खान हटे

महाराष्ट्र में 22 अक्तूबर से आधी क्षमता के साथ सिनेमाघर फिर से खुलने जा रहे हैं। दीपावली से ठीक पहले सिनेमाघर खुलने की इस घोषणा के बाद निर्माताओं की फिल्म प्रदर्शन की योजनाएं गड़बड़ाती नजर आईं। इस साल रिलीज होने वाली कई फिल्में अब अगले साल रिलीज होंगी। दीवाली पर रिलीज होने वाली अक्षय कुमार की पृथ्वीराज और क्रिसमस पर रिलीज होने वाली आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा अगले साल तक स्थगित हो गईं। क्रिसमस से आमिर हटे तो उनकी जगह पर रणवीर सिंह आ डटे हैं अपनी फिल्म 83 के साथ।

महाराष्ट्र में 22 अक्तूबर से सिनेमाघरों के फिर से खुलने की घोषणा के बाद मुंबई फिल्मोद्योग में कुछ समय के लिए हड़बड़ी दिखाई दी। दीपावली पर अक्षय कुमार की दो-दो फिल्में (पृथ्वीराज और सूर्यवंशी) रिलीज की नौबत आ गई। आलिया भट्ट की तो दो फिल्में एक ही साथ रिलीज की घोषणा हो चुकी है। उनकी गंगूबाई काठियावाड़ी 6 जनवरी को रिलीज होगी, तो आरआरआर 7 जनवरी को। महाराष्ट्र के सिनेमाघर खुलने से 30 फीसद कारोबार बढ़ गया इसलिए हर दूसरा निर्माता अपनी फिल्म जल्द से जल्द रिलीज करने की जुगत में दिखाई दिया, सिवाय महंगी फिल्मों के निर्माताओं के। दीपावली पर अक्षय कुमार की पृथ्वीराज के स्थान पर अक्षय की दूसरी फिल्म सूर्यवंशी लगा दी गई। यानी पृथ्वीराज के निर्माता आदित्य चोपड़ा ने करण जौहर और रिलायंस की फिल्म सूर्यवंशी के लिए जगह खाली कर दी। रिलायंस की ही एक और फिल्म 83 के लिए आमिर खान ने क्रिसमस पर जगह बनाई और अपनी फिल्म लाल सिंह चड्ढा फरवरी में लाना तय किया।

बावजूद इस आपाधापी के जो बात स्पष्ट तौर पर नजर आ रही है, वह यह है कि ज्यादा बड़ी और महंगी फिल्मों के निर्माता पचास फीसद क्षमता के साथ चलने वाले सिनेमाघरों में अपनी फिल्म लगाना नहीं चाहते। वे आज भी इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि सिनेमाघर सौ फीसद क्षमता के साथ खुलें, तो वे अपनी फिल्में रिलीज करें। इन निर्माताओं में आदित्य चोपड़ा, करण जौहर, पेन इंडिया, टी सीरीज, साजिद नाडियाडवाला जैसे वे निर्माता शामिल हैं, जो लोकप्रिय सितारों को लेकर महंगी फिल्में बना रहे हैं। इन्हें पूरी उम्मीद है कि अगले साल सिनेमाघर सौ फीसद क्षमता के साथ खुल जाएंगे और वे आसानी से अपनी फिल्मों की लागत निकाल लेंगे। यही वजह है कि पेन इंडिया ने जान अब्राहम अभिनीत अटैक, आदित्य चोपड़ा ने पृथ्वीराज और आमिर खान ने अपनी फिल्म लाल सिंह चड्ढा का प्रदर्शन इस साल स्थगित कर अगले साल करना तय किया है। पृथ्वीराज दीपावली पर, लाल सिंह चड्ढा क्रिसमस पर, अटैक अगस्त 2020 में रिलीज होने वाली थीं।

सूर्यवंशी और कपिल देव समेत 1983 के विश्वकप क्रिकेट की पृष्ठभूमि पर बन रही 83 लंबे समय से रिलीज के लिए तैयार थीं, इसलिए इन दोनों फिल्मों का प्रदर्शन तुरंत तय कर दिया गया। क्रिसमस से आमिर हटे तो रणवीर आकर डट गए। अब प्रभास-पूजा हेगड़े की राधेश्याम 14 जनवरी को, अक्षय- मानुषी छिल्लर की पृथ्वीराज 21 जनवरी को, अटैक 26 जनवरी को, लाल सिंह चड्ढा 11 फरवरी को, अक्षय कुमार की बच्चन पांडे 4 मार्च को, प्रभाष की आदिपुरुष 11 अगस्त को रिलीज की जाएगी। लंबे समय से जिन अक्षय कुमार की फिल्में दीपावली पर रिलीज नहीं हो पा रहीं थीं, उन्हें लगातार दो दीपावली मिल गईं हैं।

इस साल 5 अक्तूबर को उनकी फिल्म सूर्यवंशी रिलीज हो रही है। अगले साल यानी 2022 की दीवाली भी अक्षय कुमार की फिल्म राम सेतु के लिए बुक की जा चुकी है। राम सेतु से पहली बार अमेजन प्राइम वीडियो गठबंधन के तहत किसी भारतीय फिल्म के निर्माण में निवेश करने जा रहा है।

The post क्रिसमस पर रणवीर सिंह डटे, आमिर खान हटे appeared first on Jansatta.



From: Jansatta

Read Full Post ㅡ https://ift.tt/2ZW9hBM

CM सम्राट पर भड़के भाई-बहन, तेजस्वी यादव ने बताया 'Cheap Minister', मीसा बोलीं- ये सरकार...

CM सम्राट पर भड़के भाई-बहन, तेजस्वी यादव ने बताया 'Cheap Minister', मीसा बोलीं- ये सरकार... From: ABP Live Read Full Post ㅡ htt...